ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों का क्षमता वर्धन प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न
धनहरा में आयोजित कार्यशाला में शासन की योजनाओं, समिति की भूमिका और सामुदायिक नेतृत्व विकास पर हुई विस्तृत चर्चा

धनहरा में आयोजित कार्यशाला में शासन की योजनाओं, समिति की भूमिका और सामुदायिक नेतृत्व विकास पर हुई विस्तृत चर्चा
सिंगरौली। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद सिंगरौली के जिला समन्वयक श्री राजकुमार विश्वकर्मा के नेतृत्व में विकासखंड बैढ़न के सेक्टर माड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत धनहरा में ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों का क्षमता वर्धन प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन नवांकुर संस्था पिछड़ा वर्ग विश्वकर्मा समाज कल्याण संगठन समिति के कार्यक्रम समन्वयक जग प्रसाद विश्वकर्मा द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत धनहरा के सरपंच श्री वीरेंद्र जायसवाल रहे। इस अवसर पर जिला समन्वयक श्री राजकुमार विश्वकर्मा, पंचायत सचिव श्री राम राज सिंह, रोजगार सहायक श्री भूपेंद्र जायसवाल, नवांकुर संस्था के अध्यक्ष श्री राम सूरत विश्वकर्मा, समाजसेवी श्री निवास श्रीवास्तव, श्रीमती सावित्री प्रजापति, ट्रेनर मास्टर सुश्री रेनू शर्मा, परामर्शदाता पूनम सिंह सहित सेक्टर माड़ा अंतर्गत विभिन्न ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य तथा नवांकुर सखियां उपस्थित रहीं।
कार्यशाला में जिला समन्वयक श्री राजकुमार विश्वकर्मा ने ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को समिति की अवधारणा, उद्देश्य एवं भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समाज का समग्र विकास एक सामूहिक प्रयास से ही संभव है। शासन के साथ स्वयंसेवी संस्थाएं भी विभिन्न क्षेत्रों में सक्रियता से कार्य कर समाज के जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद की दृष्टि, लक्ष्य, संचालन एवं उद्देश्यों के साथ प्रस्फुटन योजना और नवांकुर योजना के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। साथ ही ग्राम स्तर पर समितियों को सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दस्तावेज, गतिविधियों तथा कार्यप्रणाली के संबंध में भी प्रतिभागियों को जानकारी प्रदान की गई।
कार्यशाला के दौरान मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम (सीएमसीएलडीपी) को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिला समन्वयक ने बताया कि यह मध्य प्रदेश शासन की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य समाज के वंचित एवं अपेक्षित समुदायों तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाना तथा समुदाय में नेतृत्व क्षमता विकसित करना है। इसके लिए प्रशिक्षित एवं जिम्मेदार समूह तैयार करने की दिशा में समितियों की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया गया।
इसके पश्चात ट्रेनर मास्टर सुश्री रेनू शर्मा द्वारा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनके उद्देश्य एवं पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रक्रिया पर प्रकाश डाला गया। प्रतिभागियों को योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने और पात्र लोगों को लाभ दिलाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
नवांकुर संस्था के अध्यक्ष श्री राम सूरत विश्वकर्मा ने संस्था के पंजीयन, एनजीओ की कार्यप्रणाली तथा सामाजिक क्षेत्र में संस्थाओं की भूमिका के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्वयंसेवी संस्थाओं के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच जागरूकता एवं विकासात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम का मंच संचालन श्रीमती सावित्री प्रजापति द्वारा प्रभावी एवं सराहनीय ढंग से किया गया। प्रशिक्षण कार्यशाला में उपस्थित प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की और सामुदायिक विकास के कार्यों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा उपस्थित सभी अतिथियों, समिति पदाधिकारियों, सदस्यों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यशाला को ग्राम स्तर पर प्रस्फुटन समितियों की क्षमता बढ़ाने तथा शासन की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

