अवैध साल की लकड़ी के साथ दो आरोपी पकड़े गए, वन विभाग ने 5 लट्ठे किए जब्त
तपो यात्रा न्यूज़ संजय कुमार अग्रहरी

अवैध साल की लकड़ी के साथ दो आरोपी पकड़े गए, वन विभाग ने 5 लट्ठे किए जब्त
तपो यात्रा न्यूज़ संजय कुमार अग्रहरी
वन परिक्षेत्र पश्चिम सरई की टीम ने ग्राम सरई में दी दबिश, आरोपियों के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण दर्ज
सिंगरौली, 02 नवंबर 2026। वन संपदा के अवैध दोहन, संग्रहण एवं व्यापार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से वन विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में वन परिक्षेत्र पश्चिम सरई की टीम ने मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर ग्राम सरई में छापेमारी कर अवैध रूप से संग्रहित साल की लकड़ी जब्त की है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को पकड़ा गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सरई निवासी जाजबली जायसवाल एवं उनके भाई रामपति जायसवाल द्वारा अपने घर में अवैध रूप से साल की लकड़ी एकत्रित कर रखी गई थी। सूचना की पुष्टि होने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और संबंधित स्थान की तलाशी ली। इस दौरान लकड़ी के क्रय एवं कटाई से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया, लेकिन मौके पर कोई वैध दस्तावेज अथवा अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं किया जा सका वन विभाग की टीम ने मौके से साल के 5 नग लट्ठे जब्त किए, जिनका कुल आयतन 2.671 घन मीटर मापा गया है। मामले में आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश वन उपज (व्यापार विनियमन) अधिनियम, 1969 की सुसंगत धाराओं के तहत वन अपराध प्रकरण क्रमांक 278/05, दिनांक 31 अक्टूबर 2026 को दर्ज किया गया है। वन विभाग द्वारा प्रकरण में अग्रिम जांच एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।